
बाजार से घर लौट रहे थे लालचंद, शाहखजुरा के पास पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर
हिंदी न्यूज़ 24
बलरामपुर। रानी की सराय थाना क्षेत्र के शाहखजुरा के पास सोमवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाजार से साइकिल से घर लौट रहे फेरी लगाने वाले व्यक्ति को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल साइकिल सवार की जुनेदगंज स्थित निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।
बाजार से सामान बेचकर लौट रहे थे घर
सपनहर रुद्रपुर गांव निवासी लालचंद (55) फेरी लगाकर कॉस्मेटिक का सामान बेचते थे। सोमवार को वह सामान बेचने के लिए बाजार गए थे। शाम को साइकिल से घर लौटते समय शाहखजुरा के पास पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सीएचसी से हायर सेंटर रेफर, निजी अस्पताल में मौत
हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने घायल लालचंद को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद स्वजन उन्हें जुनेदगंज स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान कुछ ही देर बाद लालचंद ने दम तोड़ दिया।
दो बेटों और पांच बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
लालचंद की मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक के दो बेटे और पांच बेटियां हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से स्वजन सदमे में हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ।