
खाते से 4500 रुपये कटने की बात कहकर शुरू किया झांसा, रकम वापस कराने के नाम पर अलग-अलग यूपीआई खातों में कराए कई ट्रांजेक्शन
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड बंद होने का डर दिखाकर मुबारकपुर क्षेत्र के आदमपुर निवासी एक व्यक्ति से करीब 1.74 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित के अनुसार, ठगों ने पहले खाते से 4500 रुपये कटने की बात कही और रकम बचाने के नाम पर उसे अपने जाल में फंसाया। बाद में रकम वापस कराने का झांसा देकर कई बार यूपीआई के माध्यम से धनराशि ट्रांसफर कराई गई।
आदमपुर निवासी उदयभान चौहान के मुताबिक 22 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को क्रेडिट कार्ड से संबंधित बताते हुए कहा कि उनका एसबीआई क्रेडिट कार्ड बंद नहीं हुआ तो खाते से 4500 रुपये कट जाएंगे। रकम बचाने के लिए पीड़ित ने क्रेडिट कार्ड बंद करने को कहा।
शिकायत के अनुसार, फोन करने वाले ने पहले कटे 1600 रुपये वापस कराने की बात कहते हुए एक यूपीआई नंबर भेजा और मोबाइल नंबर दर्ज कर रकम भेजने को कहा। इसी दौरान मोबाइल नंबर दर्ज करने में हुई गलती के बाद खाते से 70011 रुपये कटने की बात पीड़ित ने बताई। इसके बाद ठग ने रकम वापस कराने के नाम पर पहले 2000 और फिर 10 हजार रुपये ट्रांसफर कराए।
अगले दिन 23 अगस्त को दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से दोबारा फोन आया। फोन करने वाले ने 82,011 रुपये वापस कराने का लालच दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने बताए गए यूपीआई खाते में क्रमश: 82 हजार और 10 हजार रुपये भेज दिए। इस तरह कुल 1,74,011 रुपये अलग-अलग यूपीआई खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। बाद में ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने उसी दिन साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसका शिकायत नंबर भी एफआईआर में दर्ज है।
मामले में मुबारकपुर थाने में 19 सितंबर को बीएनएस की धारा 318(4) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एफआईआर में दो मोबाइल नंबरों के धारकों को अज्ञात आरोपी के रूप में दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना निरीक्षक अखिलेश कुमार शुक्ला को सौंपी गई है।