पेपर लीक के खिलाफ छात्र आंदोलन पर लाठीचार्ज का विरोध, यूथ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत


हरिओम उपाध्याय के नेतृत्व में अंबेडकर पार्क पर धरना, पुलिस कार्रवाई की निंदा
आजमगढ़। पेपर लीक और परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में बुधवार को यूथ कांग्रेस ने आजमगढ़ में धरना-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष हरिओम उपाध्याय के नेतृत्व में कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से निकलकर अंबेडकर पार्क पहुंचे और वहां धरना देकर पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा किया।


प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अपने भविष्य और अधिकारों की मांग को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठा रहे छात्रों के साथ बर्बर व्यवहार किया गया। प्रेस विज्ञप्ति में प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और उनके विरोध को बलपूर्वक दबाने का प्रयास किया गया।


यूथ कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए कहा कि युवाओं की समस्याओं का समाधान संवाद और न्याय के माध्यम से किया जाना चाहिए। संगठन ने पेपर लीक और परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग किया।


प्रेस विज्ञप्ति में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी राजनीतिक आरोप लगाते हुए इस कार्रवाई की जिम्मेदारी तय करने की मांग की गई। संगठन ने कहा कि छात्रों और युवाओं की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।


धरना-प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अमर बहादुर यादव, प्रदेश सचिव एवं सह प्रभारी दर्शन ऋषि, तुषार सिंह, विशाल दुबे, विवेक राय, सोनू यादव, अमित पांडेय, राजन यादव, रिपुदमन बरनवाल, अजय पांडेय, नीरज यादव समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *