
मंडलायुक्त ने विकास कार्यों की समीक्षा में दिए सख्त निर्देश, सेतु निर्माण और स्वास्थ्य सेवाओं पर जताई नाराजगी
आजमगढ़। मंडलायुक्त की अध्यक्षता में गुरुवार को सीएम डैशबोर्ड पर विभिन्न विभागों की प्रगति एवं रैंकिंग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर कई विभागों के अधिकारियों को फटकार लगाई गई और समयबद्ध सुधार के निर्देश दिए गए।
मंडलायुक्त ने तीनों जनपदों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपंजीकृत क्लिनिक और अस्पतालों के खिलाफ एक साथ विशेष अभियान चलाकर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बिना पंजीकरण के किसी भी अस्पताल या क्लिनिक का संचालन स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही एंबुलेंस 108/102 का रिस्पांस टाइम कम करने, संस्थागत प्रसव बढ़ाने तथा मंडल में टेली रेडियोलॉजी सुविधा शुरू करने के निर्देश भी दिए।
सेतु निर्माण कार्यों की समीक्षा में आजमगढ़ और बलिया की खराब रैंकिंग पर नाराजगी जताते हुए एक्सईएन सेतु निगम को प्रतिकूल प्रविष्टि तथा मुख्य अभियंता को कठोर चेतावनी देने के निर्देश दिए गए। वहीं नई सड़कों के निर्माण, बागवानी, माइक्रो इरीगेशन और अन्य विकास योजनाओं में तेजी लाकर रैंकिंग सुधारने पर जोर दिया गया।
आईसीडीएस की समीक्षा के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारियों और सीडीपीओ को नियमित फील्ड विजिट कर योजनाओं का जमीनी मूल्यांकन करने के निर्देश दिए गए। फैमिली आईडी, जननी सुरक्षा योजना और अन्य लाभार्थी योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने को कहा गया।
विद्युत विभाग की समीक्षा में प्रत्येक खंड के सर्वाधिक लाइन लॉस वाले पांच जूनियर इंजीनियरों को चिन्हित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आईजीआरएस एवं कंट्रोल रूम की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति और बिजली बिल संशोधन के लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में सामाजिक वानिकी, शिक्षा, छात्रवृत्ति, दिव्यांगजन कल्याण, पेंशन योजनाएं, पीएम फसल बीमा, गौशालाएं, खेल अवसंरचना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला, पीएम किसान सम्मान निधि, ओडीओपी, मत्स्य, सड़क निर्माण समेत अनेक योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रगति बढ़ाने और रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी आजमगढ़, बलिया और मऊ सहित मंडल के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।