श्रावण मास, त्यौहार और बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, मण्डलायुक्त-डीआईजी ने दिए सख्त निर्देश

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

कांवड़ रूट, फायर एनओसी, अवैध वाहनों और लंबित विवेचनाओं पर विशेष जोर

तीनों जिलों के अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा
आजमगढ़। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा, आगामी त्योहारों और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मण्डलायुक्त विवेक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने गुरुवार को मण्डलीय कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


बैठक में कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर जर्जर व लटकते विद्युत तारों को तत्काल ठीक कराने, नदी घाटों पर गोताखोरों की तैनाती, गहरे स्थानों पर बैरिकेडिंग व चेतावनी बोर्ड लगाने तथा शिवालयों में तैनात वालंटियर्स को पहचान पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, बारावफात और विश्वकर्मा पूजा जैसे आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने की तैयारी पर भी जोर दिया गया।


मण्डलायुक्त ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नाविकों को आईडी कार्ड जारी करने, राहत एवं बचाव शिविरों को पूरी तरह सक्रिय रखने तथा अस्पतालों, कोचिंग संस्थानों, होटलों और व्यावसायिक भवनों में फायर एनओसी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।


समीक्षा के दौरान लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण, महिला अपराध, एससी-एसटी उत्पीड़न तथा अन्य गंभीर अपराधों में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बिना परमिट चल रहे वाहनों पर सख्ती बरतने और फिटनेस से वंचित 771 स्कूली बसों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा गया।


मण्डलायुक्त ने अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने, अपराधियों पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई तेज करने तथा पुलिस की विशेष इकाइयों की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। बैठक में तीनों जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *