

जिले के मेहनगर व रानी की सराय थाना क्षेत्र के रहने वाले थे मृत युवक
एक हरियाणा के पानीपत तो दूसरा वाराणसी में हुए हादसे में हुआ था घायल
आजमगढ़। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के दो युवकों की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। दोनों घटनाओं से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मेंहनगर थाना क्षेत्र के हटवा आईमा गांव निवासी राजकुमार (45) हरियाणा के पानीपत जनपद के भैसवाल स्थित एक कपड़ा मिल में कार्यरत थे। करीब एक सप्ताह पूर्व वह अपने कमरे से टेंपो द्वारा फैक्ट्री जा रहे थे। रास्ते में टेंपो पलट जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए घर ले आए और शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बुधवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके परिवार में पत्नी, तीन पुत्र और एक पुत्री हैं।
वहीं, रानी की सराय थाना क्षेत्र के बसीरपुर गांव निवासी मुन्नी लाल (43) बीते 28 अप्रैल को वाराणसी गए थे। दानगंज क्षेत्र में सड़क पार करते समय बाइक की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनका लंबे समय तक लखनऊ स्थित केजीएमयू में उपचार चलता रहा। करीब एक सप्ताह पूर्व उन्हें घर लाया गया था। मंगलवार शाम उनकी भी उपचार के दौरान मौत हो गई। उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं।
परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों परिवारों में मौत के बाद शोक की लहर है।