वाहन हादसे की सूचना छिपाना पुलिस कर्मियों को पड़ा महंगा, पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों को दी चेतावनी
आजमगढ़। दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में डायल-112 के दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने यह कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
पुलिस विभाग की समीक्षा के दौरान सामने आया कि यूपी डायल-112 में तैनात मुख्य आरक्षी बृजलाल पटेल और आरक्षी कमलेश कुमार गौड़, जो वर्तमान में थाना जहानागंज की पीआरवी पर नियुक्त हैं, ने 5 जुलाई को पीआरवी चालक राधेश्याम द्वारा वाहन को लापरवाही से चलाते हुए दीवार से टकराकर क्षतिग्रस्त कर देने की सूचना न तो कंट्रोल रूम को दी और न ही अपने प्रभारी अधिकारियों को अवगत कराया। प्रथम दृष्टया दोनों पुलिसकर्मियों पर अनुशासनहीनता, अकर्मण्यता, लापरवाही और स्वेच्छाचारिता के आरोप पाए गए। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की दंड एवं अपील नियमावली-1991 के तहत दोनों के विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित करते हुए निलंबन की कार्रवाई की है। साथ ही सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है कि कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी