
मंडलीय चिकित्सालय में युवाओं ने किया रक्तदान, रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित; अस्पतालों में मरीजों को बांटे फल
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का गुरुवार को शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत मंडलीय चिकित्सालय में रक्तदान शिविर, मरीजों को फल वितरण और नगरपालिका क्षेत्र में श्रमदान समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मंडलीय चिकित्सालय में आयोजित रक्तदान शिविर में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार और भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह शामिल हुए। शिविर में युवाओं और अन्य नागरिकों ने रक्तदान किया। अधिकारियों ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और रक्तवीरों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
जिलाधिकारी ने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी और सेवा भावना से जोड़ने की बात कही। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने रक्तदान को सामाजिक सरोकार से जुड़ा कार्य बताते हुए लोगों से ऐसे सेवा कार्यक्रमों में भागीदारी की अपील की।

मरीजों को फल बांटकर जाना हाल
अभियान के तहत मंडलीय चिकित्सालय, महिला जिला चिकित्सालय सहित जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
नरौली तिराहे पर किया श्रमदान
अभियान के तहत नगरपालिका आजमगढ़ के नरौली तिराहा पर स्वच्छता के लिए श्रमदान कार्यक्रम भी हुआ। अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय चावला, उप जिलाधिकारी सदर, नगरपालिका अध्यक्ष सरफराज आलम मंसूर और अधिशासी अधिकारी डॉ. बृजेश कुमार समेत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की।
इस दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया और जनसेवा व राष्ट्रसेवा से जुड़े कार्यक्रमों में सहभागिता का संकल्प लिया गया।
एक माह तक चलेंगे विभिन्न कार्यक्रम
जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के दौरान सेवा, स्वच्छता, जनभागीदारी, जनकल्याण और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के आयोजकों के अनुसार, इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से जुड़ी उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाना तथा ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से नागरिकों को जोड़ना है।
कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. एनआर वर्मा, प्रमुख अधीक्षक डॉ. एससी कनौजिया, अधीक्षक डॉ. राम केवल, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, अखिलेश मिश्रा ‘गुड्डू’ सहित चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।