
कोतवाली में दर्ज हुई एफआईआर, महिला ने कहा—2019 से लगातार दबाव बनाने और धमकाने का आरोप, अप्रैल 2026 में घर पहुंचकर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का भी दावा
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र में संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद ने अब कानूनी रूप ले लिया है। एक महिला ने अपने देवर पर संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास करने, धमकी देने और गाली-गलौज करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 352 और 351(3) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के मुताबिक शिकायतकर्ता पुष्पा सिंह, कोतवाली क्षेत्र स्थित आजमगढ़ निवासी हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति स्व. विजय कृष्ण सिंह यादव की वर्ष 2010 में मृत्यु के बाद परिवार के भरण-पोषण का जिम्मा उन पर आ गया। तहरीर में उन्होंने अपनी शारीरिक और पारिवारिक परिस्थितियों का भी उल्लेख किया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनके देवर अजय कृष्ण सिंह यादव शहर स्थित पैतृक संपत्ति में आधे हिस्सेदार हैं। आरोप है कि संपत्ति से मिलने वाले किराये की वसूली भी देवर स्वयं कर रहे हैं। महिला का दावा है कि वर्ष 2019 से उन्हें और उनके बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर संपत्ति से जुड़े अधिकारों से वंचित करने का दबाव बनाया जा रहा है।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि अप्रैल 2026 में आरोपी उनके घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। महिला ने पुलिस को फोन रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराने की बात भी कही है।
महिला ने पुलिस से संपत्ति में अपने हिस्से को प्राप्त कराने तथा आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उसने अपने और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार को सौंपी है।