पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा युवक, विवाद के बाद जहर खाकर दी जान!

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


सात माह की बेटी को लेकर मायके में रह रही थी पत्नी, साथ चलने से इनकार पर हुआ विवाद; पिता की तहरीर पर पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मोतीपुर गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पत्नी को विदा कराने ससुराल पहुंचे युवक ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने उसकी पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मैनपारपुर निवासी त्रियुगी नरायण यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पुत्र विजय यादव की शादी 13 मई 2025 को गंभीरपुर क्षेत्र के मोतीपुर गांव निवासी रमाशंकर यादव की पुत्री सोनम यादव के साथ हुई थी। दोनों की सात माह की एक पुत्री भी है।
तहरीर के मुताबिक शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। करीब आठ माह से सोनम अपनी पुत्री के साथ मायके में रह रही थी। आरोप है कि विजय अपनी पत्नी और बेटी को साथ ले जाने का प्रयास कर रहा था।
16 सितंबर को पत्नी को लेने पहुंचा था मायके
इसी क्रम में 16 सितंबर 2026 को विजय अपनी पत्नी को लेने मोतीपुर स्थित उसके मायके पहुंचा। पिता का आरोप है कि पत्नी ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद विजय ने कथित रूप से ससुराल में ही जहरीला पदार्थ खा लिया।
जहर खाने के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में आसपास के लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पत्नी के खिलाफ मुकदमा, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर गंभीरपुर पुलिस ने सोनम यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *