मायके में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, दो साल की बच्ची हुई बेसहारा

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण

पति से विवाद के बाद करीब एक वर्ष से मायके में रह रही थी महिला, पुलिस व फोरेंसिक टीम जांच में जुटी


आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के रघुनंदन नगर (अहिरौली) गांव में गुरुवार की शाम एक विवाहिता ने कमरे के अंदर साड़ी का फंदा बनाकर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची जीयनपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में जांच शुरू कर दी।


मृतका की पहचान किरन कुमारी (26) पुत्री लक्ष्मी राम के रूप में हुई है। उसकी शादी अक्टूबर 2023 में रौनापार थाना क्षेत्र के निबियहवा गांव में हुई थी। उसके पास दो वर्ष की एक बेटी भी है। बताया जा रहा है कि शादी के कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था, जिसके बाद वह करीब एक वर्ष से अपने मायके में रह रही थी।


गुरुवार शाम करीब पांच बजे किरन ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर साड़ी का फंदा बनाकर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। करीब 5:30 बजे जब उसके पिता, जो ठेला चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, घर पहुंचे तो आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला। कमरे में झांकने पर बेटी को फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।


सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी देशराज सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलित कराए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिवार के अनुसार, किरन तीन भाइयों और तीन बहनों में चौथे नंबर पर थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *