5.97 करोड़ रुपये से होंगे 131 प्रोटेक्शन कार्य, बिजली आपूर्ति होगी अधिक सुरक्षित और निर्बाध

आजमगढ़ शहर

शासन से मिली मंजूरी, पुराने उपकरण बदलने का काम शुरू


आजमगढ़। जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और निर्बाध बनाने के लिए बिजली निगम ने बड़ा कदम उठाया है। दोनों विद्युत सर्किलों में ₹5.97 करोड़ की लागत से 131 प्रोटेक्शन कार्य कराए जाएंगे। शासन से योजना को मंजूरी मिलने के बाद कुछ क्षेत्रों में कार्य शुरू भी हो चुका है। इस परियोजना के पूरा होने से तकनीकी खराबियों, फाल्ट और ट्रिपिंग की घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।


पुराने उपकरणों की जगह लगाए जाएंगे नए सुरक्षा उपकरण
योजना के तहत वर्षों पुराने और जर्जर हो चुके बिजली उपकरणों को बदला जाएगा। साथ ही जहां आवश्यकता होगी, वहां आधुनिक सुरक्षा उपकरण स्थापित किए जाएंगे, जिससे बिजली लाइनों और उपकेंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।


इन उपकरणों को बदला जाएगा
प्रोटेक्शन कार्य के तहत जर्जर तार, केबल, वैक्यूम सर्किट ब्रेकर (VCB), लाइटनिंग अरेस्टर (LA), अर्थिंग सिस्टम, सीआरपी, टेललेस यूनिट, एलटी एसीबी (LT ACB), आरएमयू (RMU) सहित अन्य आवश्यक बिजली उपकरणों को बदला या स्थापित किया जाएगा।


फाल्ट और ट्रिपिंग की समस्या होगी कम
अधीक्षण अभियंता घनश्याम के अनुसार कई फीडरों और उपकेंद्रों पर वर्षों पुराने उपकरणों के कारण आए दिन तकनीकी खराबियां सामने आती हैं। इन्हीं समस्याओं को दूर करने के लिए बड़े स्तर पर प्रोटेक्शन कार्य की योजना बनाई गई है। मंजूरी मिलने के बाद कुछ स्थानों पर कार्य भी शुरू करा दिया गया है।


शहर और गांव के हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
नई व्यवस्था लागू होने के बाद बिजली लाइनों में आने वाले फाल्ट का असर सीमित रहेगा और बार-बार होने वाली बिजली कटौती में कमी आएगी। इसका सीधा लाभ शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगा। विशेष रूप से उन इलाकों को राहत मिलेगी जहां पुराने उपकरणों के कारण बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित होती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *