उल्टी करने के लिए गेट पर पहुंचा था यात्री, अचानक ब्रेक लगने से बिगड़ा संतुलन
बलरामपुर। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बगहीडाड़ के पास गुरुवार सुबह चलती रोडवेज बस से गिरकर एक यात्री की मौत हो गई। मृतक गुजरात से अपने घर देवरिया लौट रहा था। रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर वह उल्टी करने के लिए बस के गेट पर पहुंचा था। इसी दौरान चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। घायल अवस्था में उसे मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बखरा अकटहा गांव निवासी 45 वर्षीय रमेश कुमार गुजरात के भरूच जिले के बम्बा क्षेत्र में एक कंपनी में ठेकेदारी का कार्य करते थे। वह घर पर मकान निर्माण कराने के लिए गुजरात से अपने गांव लौट रहे थे। ट्रेन से वाराणसी पहुंचने के बाद वह आजमगढ़ आए और यहां से राप्तीनगर डिपो की बस से देवरिया के लिए रवाना हुए थे।
गुरुवार सुबह करीब छह बजे बस आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बगहीडाड़ के पास पहुंची थी। इसी दौरान रमेश कुमार को उल्टी आने लगी। वह बस के गेट पर पहुंचे, तभी अचानक ब्रेक लगने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े।
हादसे के बाद बस चालक ने तत्काल उन्हें मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन करीब एक घंटे बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोपहर में पहुंचे परिजनों को पोस्टमार्टम के बाद शव सौंप दिया गया।
मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।