15 जुलाई से महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में नियमित कक्षाएं शुरू, तृतीय व पंचम सेमेस्टर के छात्रों के लिए प्रवेश शुल्क जमा करने की तिथि घोषित

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

कुलपति प्रो. संजीव कुमार के निर्देश पर प्रवेश प्रक्रिया में तेजी, नवप्रवेशी छात्रों का दाखिला पूरा होते ही शुरू होंगी कक्षाएं

आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय (मसुविवि) में शैक्षिक सत्र 2026-27 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 15 जुलाई 2026 से नियमित कक्षाओं के संचालन का निर्णय लिया है। इसके साथ ही तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के लिए प्रवेश शुल्क जमा करने की तिथियां भी घोषित कर दी गई हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार कुलपति प्रो. संजीव कुमार के निर्देश पर सभी विभागाध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों को प्रवेश प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निर्धारित समय से शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो सकें। नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं की प्रवेश परीक्षा एवं काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होते ही उनका प्रवेश सुनिश्चित कर कक्षाओं का संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा।

मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश सिंह ने बताया कि आगामी सेमेस्टर की परीक्षाएं नवंबर माह में संभावित हैं। इसे देखते हुए विश्वविद्यालय समय से पठन-पाठन शुरू करने के लिए गंभीर है। इसी क्रम में सत्र 2025-26 में उत्तीर्ण एवं प्रवेश के पात्र छात्र-छात्राएं 15 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश शुल्क जमा कर सकेंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शुल्क जमा करने के बाद विद्यार्थियों को उसकी रसीद अपने संबंधित विभाग प्रभारी के पास अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी। रसीद जमा होने के बाद ही प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य नए शैक्षणिक सत्र का संचालन समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से शुरू करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *