बेटियों के हाथों फीता कटवाकर 300 मीटर सीसी मार्ग का विधायक ने किया लोकार्पण

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण राजनीत


विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा- गांवों का विकास और बेटियों का सम्मान प्राथमिकता, प्रदेश सरकार पर साधा निशाना
आजमगढ़। बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के पखुवाडीह गांव में क्षेत्रीय विधायक डॉ. संग्राम यादव ने 300 मीटर लंबे सीसी मार्ग का लोकार्पण किया। विधायक ने गांव की बेटियों के हाथों फीता कटवाकर सड़क का शुभारंभ कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।


कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेर यादव ने की, जबकि डॉ. नरेंद्र नाथ यादव विशिष्ट अतिथि रहे। संचालन जयप्रकाश ने किया। कार्यक्रम का आयोजन ग्राम प्रधान की ओर से किया गया।


विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि गांवों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। सीसी मार्ग बनने से ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और बरसात में होने वाली परेशानी से भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्य पूरे समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए किए जाते हैं।


बेटियों के हाथों लोकार्पण कराने पर विधायक ने कहा कि इसका उद्देश्य बेटियों के सम्मान और उनके महत्व का संदेश देना है। बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।


इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और जनता की आवाज दबाने का प्रयास चिंताजनक है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को जवाब देगी। उन्होंने कहा कि सपा संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रखेगी।


इस अवसर पर राजेंद्र राम, प्रदीप सोनी, रोहित यादव, सुभाष चंद्र जायसवाल, हरिलाल राजभर, प्रमोद यादव उर्फ मुन्ना समेत तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *