
पेट दर्द और दस्त की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाते समय बिगड़ी हालत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के बौआपार मोड़ के पास स्थित एक होटल में काम करने वाले असम निवासी 29 वर्षीय युवक की रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अचानक पेट दर्द और दस्त की शिकायत होने पर उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठेकमा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बरदह थाना क्षेत्र के हजारेमलपुर गांव निवासी खजांची सरोज के रॉयल होटल में अजीत क्षेत्री (29) पुत्र बहादुर, निवासी जिला करबी आंगलोंग, थाना मंजिया, असम, बावर्ची का काम करता था। रविवार सुबह करीब नौ बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। पेट दर्द और दस्त की शिकायत होने पर होटल कर्मियों ने उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठेकमा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ठेकमा चौकी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद पटेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की तबीयत पेट दर्द और दस्त की शिकायत के बाद बिगड़ने की बात सामने आई है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।