लाखो चोरी से हड़कंप, मेन गेट से घर में घुसे चोर, पीड़ित का आरोप- पुलिस ने बताया मामूली मामला

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण

रानी की सराय थाना क्षेत्र के दिलौरी गांव में हुई घटना से मचा हड़कंप

आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र के दिलौरी गांव में बुधवार देर रात हुई भीषण चोरी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। चोर मुख्य चैनल गेट से घर में घुसकर नगदी, सोने-चांदी के जेवरात और विदेशी मुद्रा समेत करीब 20 लाख रुपये का सामान समेट ले गए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इतनी बड़ी वारदात के बावजूद पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।


जानकारी के अनुसार, दिलौरी निवासी गोरखनाथ यादव पुत्र स्व. खुड़मुल्ली यादव दुबई में नौकरी करते हैं और करीब दो माह पहले ही घर आए थे। वह अपने दो भाइयों के साथ संयुक्त परिवार में रहते हैं। रोज की तरह बुधवार रात सभी लोग खाना खाकर सो गए। रात करीब 2:30 बजे गोरखनाथ की नींद खुली तो बेड के पास रखा बक्सा गायब मिला। पत्नी को जगाने के बाद जब दोनों बाहर निकलने लगे तो दरवाजा बाहर से बंद था। किसी तरह बाहर निकलकर देखा तो घर के दो कमरों के ताले टूटे थे और अंदर अलमारियां व पेटियां टूटी पड़ी थीं। दो पेटियां गायब थीं तथा पूरा सामान बिखरा पड़ा था।


पीड़ित के मुताबिक, चोरी गए सामान में पांच सोने की चेन, दो जोड़ी झुमके, दो आयरन, एक अंगूठी, दो नथ, एक मंगलसूत्र, एक पायल, दो कड़े, एक करधन, 10 लच्छा, चार लड़ वाली चांदी की चेन, 2500 दिरहम (विदेशी मुद्रा) और 27 हजार रुपये नकद सहित करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति शामिल है।


घटना के बाद परिवार ने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सुबह थाने पर तहरीर देने की बात कही। पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब थाना प्रभारी से बातचीत की गई तो उन्होंने इसे “मामूली चोरी” बताया, जिससे परिवार में नाराजगी है।
वहीं, थानाध्यक्ष रानी की सराय का कहना है कि चोरी की सूचना मिली है, लेकिन अभी तक लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *