
सिधारी पुलिस ने गश्त के दौरान की कार्रवाई, बीएनएस की धारा 296 में दर्ज हुआ मुकदमा
आजमगढ़। सिधारी थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर राह चलती युवतियों पर अश्लील टिप्पणी और फब्तियां कसने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत कार्रवाई करते हुए विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 1 अगस्त की शाम थाना सिधारी पुलिस क्षेत्र में गश्त और अपराधियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बैठौली तिराहे से लगभग 500 मीटर आगे मुबारकपुर मार्ग पर एक युवक सड़क किनारे खड़ा होकर आने-जाने वाली युवतियों पर अश्लील इशारे कर रहा है और फब्तियां कस रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान अदनान रशीद निवासी अलीनगर, थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में युवतियों पर अभद्र टिप्पणियां करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर थाना सिधारी में बीएनएस की धारा 296 के तहत एफआईआर दर्ज की गई। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मृत्युंजय सिंह को सौंपी गई है।