
हीरापट्टी-हरिऔध नगर मार्ग पर गिट्टी-भस्सी डालकर पीडब्ल्यूडी ने शुरू कराया राहत का काम, चित्रगुप्त मंदिर और सेंट्रल स्कूल जाने वाली सड़क पर ईंटों के टुकड़े डालकर छोड़ने से बढ़ी परेशानी
आजमगढ़। शहर के हीरापट्टी क्षेत्र में जर्जर सड़कों को लेकर आखिरकार पीडब्ल्यूडी की नींद खुल गई, लेकिन नगर पालिका प्रशासन अब भी बेफिक्र नजर आ रहा है। शिबली से हरिऔध नगर जाने वाले जर्जर मार्ग पर पीडब्ल्यूडी ने गिट्टी और भस्सी डालकर सड़क को फिलहाल आवागमन योग्य बनाने का काम शुरू कर दिया है। वहीं इसी मार्ग से निकलकर सेंट्रल स्कूल और चित्रगुप्त मंदिर की ओर जाने वाली नगर पालिका के अधीन सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों में ईंटों के टुकड़े डालकर छोड़ दिए गए हैं। इससे सड़क की हालत सुधरने के बजाय कई जगह आवागमन और मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक शिबली चौराहे से हरिऔध नगर जाने वाला मार्ग काफी समय से बदहाल पड़ा था। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण बरसात में उनमें पानी भर जाता था। इससे राहगीरों के साथ स्कूली बच्चों और मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस मार्ग से कई प्रमुख स्कूलों के बच्चों का आवागमन भी होता है।
भारत रक्षा दल ने सड़क पर पानी में किया था प्रदर्शन
सड़कों की बदहाली को लेकर करीब एक सप्ताह पूर्व भारत रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर भरे पानी के बीच प्रदर्शन किया था। हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जर्जर सड़क पर पौधरोपण कर जिम्मेदार विभागों का ध्यान आकर्षित किया था। संगठन ने दोनों सड़कों को जल्द दुरुस्त कराने की मांग करते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी थी। प्रदर्शन के बाद पीडब्ल्यूडी ने अपने अधीन आने वाले मार्ग पर काम शुरू कर दिया। विभाग ने सड़क के गड्ढों में गिट्टी और भस्सी डालकर उसे फिलहाल चलने लायक बनाने की कवायद शुरू की है। बताया गया कि बरसात समाप्त होने के बाद सड़क पर पैचिंग का काम कराया जाएगा।
नगर पालिका के हिस्से की सड़क पर सिर्फ ईंट के टुकड़े
दूसरी ओर चित्रगुप्त मंदिर और सेंट्रल स्कूल की तरफ जाने वाली सड़क नगर पालिका के अधीन है। यहां सड़क पर बने गड्ढों में नगर पालिका की ओर से ईंटों के टुकड़े डलवाकर काम छोड़ दिया गया है। तस्वीरों में सड़क की बदहाल स्थिति साफ दिखाई दे रही है। जगह-जगह पानी जमा है और सड़क पर बिखरी ईंटें राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। सोमवार को भारत रक्षा दल के कार्यकर्ता एक बार फिर मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने पीडब्ल्यूडी द्वारा शुरू कराए गए काम की सराहना की, लेकिन नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।
‘नगर पालिका नहीं जागी तो होगा धरना’
भारत रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका प्रशासन को चेतावनी दी कि वह अपने अधीन आने वाली सड़क को भी जल्द से जल्द दुरुस्त कराए। संगठन का कहना है कि सड़क की बदहाली से स्थानीय लोगों के साथ स्कूली बच्चों और मरीजों को भी परेशानी हो रही है। यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो भारत रक्षा दल के कार्यकर्ता नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।