महंगाई पर रोक लगाने की मांग, राज्यपाल को भेजा शिकायती पत्र

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष ने कहा—बढ़ती कीमतों से गरीब परिवारों का बजट बिगड़ा, सरकार उठाए प्रभावी कदम
आजमगढ़। प्रदेश में लगातार बढ़ रही महंगाई को लेकर समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष बबीता चौहान ने राज्यपाल को शिकायती पत्र भेजकर आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि महंगाई ने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है, जिससे आमजन को रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है।
शिकायती पत्र में कहा गया है कि चीनी के दाम बढ़ने से गरीब परिवारों की महिलाओं के लिए त्योहार मनाना भी मुश्किल होता जा रहा है। आरोप लगाया गया कि रसोई गैस, सरसों का तेल, रिफाइंड, दाल, चावल, आटा, चाय की पत्ती, प्याज समेत अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि से घरेलू खर्च लगातार बढ़ रहा है।
बबीता चौहान ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और अन्य ईंधन की बढ़ती कीमतों का सीधा असर परिवहन व्यवस्था और आम लोगों के आवागमन पर पड़ रहा है। महंगे ईंधन के कारण परिवहन खर्च बढ़ रहा है, जिसका बोझ गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है।
उन्होंने राज्यपाल से मांग की कि सरकार को आवश्यक वस्तुओं की बढ़ी कीमतों को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया जाए। साथ ही महिलाओं और गरीब परिवारों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने तथा दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम कम कराने की व्यवस्था की जाए।
सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी महंगाई के मुद्दे को लेकर जनता की आवाज उठाती रहेगी। उल्लेखनीय है कि हाल में लखनऊ में भी सपा महिला सभा ने महंगाई और रोजमर्रा की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *