सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप, आठ नामजद के खिलाफ FIR

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


नरायनपुर में कच्चा मकान बनाकर अतिक्रमण का आरोप, बार-बार कहने के बाद भी नहीं हटाया कब्जा; सरकारी काम में बाधा का भी आरोप
आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र के नरायनपुर गांव में सरकारी भूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण के मामले में पुलिस ने आठ नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई पहलवानपुर निवासी शुभम पाण्डेय की तहरीर पर की गई। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


तहरीर के अनुसार नरायनपुर परगना व तहसील सगड़ी क्षेत्र में स्थित गाटा संख्या 726/0.044, 727/0.025 और 647/0.127 हेक्टेयर भूमि उसर खाते की बताई गई है। शिकायतकर्ता के मुताबिक सीमांकन के बाद इन गाटों के आंशिक हिस्से पर पतराम यादव, लक्षीराम यादव, सरोज यादव, विनोद यादव और अमित यादव द्वारा कच्चा मकान बनाकर कथित रूप से अतिक्रमण किया गया है। वही, तहरीर में गाटा संख्या 648, रकबा 0.314 हेक्टेयर भूमि के आंशिक हिस्से पर रामचन्द्र गुप्ता, चन्नू गुप्ता और चन्द्रकेश गुप्ता पुत्रगण फूलचन्द गुप्ता द्वारा कच्चा मकान बनाकर कथित अतिक्रमण किए जाने का आरोप लगाया गया है। इस तरह तहरीर में कुल आठ लोगों को नामजद किया गया है।


शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने के लिए कई बार कहा गया, लेकिन नामजद लोगों द्वारा कथित कब्जा नहीं हटाया गया। इससे ग्राम सभा की भूमि को अपूरणीय क्षति होने और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न होने की बात तहरीर में कही गई है।


लेखपाल ने पुलिस से आरोपित लोगों के खिलाफ BNS की सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार मधेशिया को सौंपी गई है। अब पुलिस भूमि संबंधी अभिलेखों, सीमांकन और मौके की स्थिति समेत शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *