
पदीय दायित्वों में लापरवाही और अनुशासनहीनता पर एसएसपी की बड़ी कार्रवाई, विभागीय जांच के निर्देश
आजमगढ़। पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, अनुशासनहीनता और थाना क्षेत्र के अपराधियों व अभियुक्तों से कथित रूप से अनधिकृत संपर्क रखने के मामले में आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने थाना अहरौला में तैनात आरक्षी ना.पु. जितेन्द्र कुमार को प्रथमदृष्टया गंभीर आरोपों के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले में विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त को कार्य सरकार के दौरान पुलिस की छवि धूमिल करने, पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। इस दौरान आरक्षी जितेन्द्र कुमार के विरुद्ध कई गंभीर आरोप प्रथमदृष्टया सामने आए।
आरोप है कि आरक्षी ने अपने पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही और उदासीनता बरतने के साथ स्वेच्छाचारिता एवं अनुशासनहीनता की। इसके अलावा थाना क्षेत्र के अपराधियों और अभियुक्तों से दूरभाष तथा व्हाट्सएप के माध्यम से अनधिकृत रूप से संपर्क रखने और अभियोग एवं विवेचना से संबंधित गोपनीय सूचनाओं व दस्तावेजों का आदान-प्रदान करने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, आरक्षी पर अभियुक्तों को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से अभियोग और जांच की प्रक्रिया को प्रभावित करने तथा विभागीय गोपनीयता भंग करने का भी आरोप है। इसके साथ ही उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गए आदेश और निर्देशों की अवहेलना किए जाने की बात भी सामने आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने आरक्षी जितेन्द्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। पुलिस विभाग के अनुसार, प्रकरण में विभागीय कार्यवाही की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। विस्तृत जांच में आरोपों की पुष्टि और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद आजमगढ़ पुलिस ने सभी पुलिसकर्मियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि पदीय दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ किया जाए। उच्चाधिकारियों के आदेश-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने और विभागीय गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।