घर के बाहर फायरिंग का आरोप, दो नामजद समेत तीन पर मुकदमा

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण

तहबरपुर के नैपुरा गांव में रात में बाइक से पहुंचे थे आरोपी, गाली-गलौज के बाद पिस्टल से गोली चलाने का आरोप
तहबरपुर। थाना क्षेत्र के नैपुरा गांव में घर के बरामदे में परिवार के साथ बैठे युवक के दरवाजे पर पहुंचकर गाली-गलौज और फायरिंग करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ऋषिकेश यादव की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद और एक अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना 20 अगस्त की रात करीब 10:45 बजे की बताई गई है।


बरामदे में बैठे थे परिवार के लोग
ऋषिकेश यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी पत्नी विमला देवी, भतीजे काजू यादव, भतीजी अर्पिता यादव और छोटे भाई राकेश यादव के साथ घर के बरामदे में बैठे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर तीन लोग उनके दरवाजे पर पहुंचे। तहरीर के अनुसार बाइक पर मनीष उर्फ हंटर उर्फ गोलू पुत्र अखिलेश यादव निवासी असनी थाना निजामाबाद, आदर्श यादव उर्फ हंटर यादव पुत्र अवधेश यादव निवासी मोहनपुर थाना निजामाबाद और एक अज्ञात बाइक चालक मौजूद था।


गाली-गलौज के बाद पिस्टल से फायर करने का आरोप
आरोप है कि दरवाजे पर पहुंचते ही युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद पिस्टल से जान से मारने की नीयत से फायर किया गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक गोली जमीन से टकराई और उसका खोखा जमीन पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर परिवार के लोग घबरा गए। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए असलहा लहराते हुए बाइक से मौके से फरार हो गए।


दो नामजद और एक अज्ञात पर केस
तहबरपुर पुलिस ने ऋषिकेश यादव की तहरीर के आधार पर मनीष उर्फ हंटर उर्फ गोलू, आदर्श यादव उर्फ हंटर यादव और एक अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *