आजमगढ़। जीयनपुर थाना क्षेत्र के नतुड़ी गांव निवासी रामभरोसे की तहरीर पर न्यायालय के आदेश के बाद चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि 21 मई 2026 की शाम करीब 7 बजे नहर के पास पहले से घात लगाए बैठे हरिकेश, रामप्रवेश, अतुल और अभिनन्दन ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से मारपीट की, जिससे उसके सिर, सीने और हाथ में गंभीर चोटें आईं तथा वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
शोर सुनकर गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल का इलाज सदर अस्पताल आजमगढ़ में कराया गया। पीड़ित का आरोप है कि जीयनपुर थाने में शिकायत करने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई, जिसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली।
न्यायालय के आदेश पर जीयनपुर पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।