महिला से छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप, कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण

बरदह थाना क्षेत्र की घटना, थाने पर सुनवाई न होने पर न्यायालय की शरण में गई थी पीड़िता


आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के सराय मोहन गांव की एक महिला ने गांव के पांच लोगों पर घर में घुसकर छेड़छाड़, मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली, जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया।


प्रार्थना पत्र के अनुसार, पीड़िता ने आरोप लगाया है कि गांव के रमेश सरोज, उमेश सरोज, बृजेश सरोज, सर्वेश सरोज और सूरज सरोज उसकी जेठानी पर गलत नजर रखते थे तथा अक्सर रास्ते में अश्लील टिप्पणियां और अभद्र हरकतें करते थे।


शिकायत में कहा गया है कि 20 मई 2026 की शाम करीब सात बजे सभी आरोपी कथित रूप से एक राय होकर पीड़िता के घर पहुंचे और उसके साथ तथा उसकी जेठानी के साथ मारपीट की। आरोप है कि महिलाओं के कपड़े फाड़े गए, छेड़छाड़ की गई तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक आरोपी ने तमंचा लहराते हुए गोली मारने की धमकी दी।


पीड़िता का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, लेकिन प्रारंभिक स्तर पर केवल शांति भंग की कार्रवाई की गई। बाद में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के प्रयास भी सफल नहीं हुए। इसके बाद पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।


न्यायालय के आदेश के अनुपालन में बरदह थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *