

जनता दर्शन में फरियादियों की शिकायतें सुनीं, संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश
आईएएस बनकर समाज और देश की सेवा करना चाहती हैं खुशी सिंह, अधिकारियों ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के बताए टिप्स
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति जताया आभार, मिशन शक्ति अभियान के तहत बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ाने की पहल
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रैदोपुर की कक्षा 11 की मेधावी छात्रा खुशी सिंह को गुरुवार को ‘एक दिन की जिलाधिकारी’ बनने का अवसर मिला। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर सांकेतिक रूप से प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन किया और जनता दर्शन में फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा ने छात्रा का मार्गदर्शन करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था, जनसमस्याओं के निस्तारण और अधिकारियों की जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने का कौशल और आत्मविश्वास विकसित करने के साथ उन्हें भविष्य में उच्च पदों पर पहुंचकर समाज एवं राष्ट्र की सेवा के लिए प्रेरित करना है।
जनता दर्शन में सुनीं शिकायतें, अधिकारियों को दिए निर्देश
सांकेतिक जिलाधिकारी खुशी सिंह ने जनता दर्शन में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके प्रार्थना पत्रों का अवलोकन किया। इस दौरान खरिहानी बाजार में कथित अवैध क्लिनिक संचालित होने की शिकायत फरियादी शिवकुमार मौर्य ने प्रस्तुत की। खुशी सिंह ने प्रार्थना पत्र मुख्य चिकित्सा अधिकारी को संदर्भित करते हुए मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार, नगर पालिका परिषद आजमगढ़ क्षेत्र से संबंधित एक फरियादी ने न्यायालय का स्थगन आदेश होने के बावजूद बैनामा किए जाने की शिकायत की। सांकेतिक जिलाधिकारी ने प्रकरण मुख्य राजस्व अधिकारी को संदर्भित करते हुए नियमानुसार परीक्षण कर उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा महिला सहित अन्य फरियादियों की शिकायतें भी सुनी गईं। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने और की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए गए। इस प्रक्रिया के माध्यम से खुशी सिंह ने जनसुनवाई, शिकायतों के परीक्षण और संबंधित विभागों के माध्यम से उनके निस्तारण की प्रशासनिक प्रक्रिया को करीब से समझा।
आईएएस बनकर देश सेवा करना है लक्ष्य
‘एक दिन की जिलाधिकारी’ बनने का अवसर मिलने पर खुशी सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि फरियादियों की समस्याएं सुनना और उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश देना उनके लिए बेहद प्रेरणादायक अनुभव रहा। इससे उन्हें प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारियों और जनसेवा में उनकी भूमिका को समझने का अवसर मिला।
खुशी सिंह ने कहा कि इस अनुभव से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। वह आगे और मेहनत तथा लगन से पढ़ाई करेंगी और भारतीय प्रशासनिक सेवा की परीक्षा उत्तीर्ण कर आईएएस अधिकारी बनना चाहती हैं, ताकि समाज और देश की सेवा कर सकें।
बालिकाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहा मिशन शक्ति अभियान
प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा ने खुशी सिंह के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण की सराहना की। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सशक्त बनाना, उन्हें अधिकारों के प्रति जागरूक करना और जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने कहा कि छात्राओं को कम उम्र में ही प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलने से उनमें निर्णय लेने की क्षमता, नेतृत्व कौशल और जनसेवा की भावना विकसित होती है। बालिकाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। उन्हें उचित अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देकर जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया जा सकता है।
अधिकारियों ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के बताए टिप्स
कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर अतुल आनंद, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार और जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह ने खुशी सिंह को सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने परीक्षा के पाठ्यक्रम, परीक्षा पैटर्न, अध्ययन की रणनीति, समय प्रबंधन और सामान्य अध्ययन के बारे में बताया।
उन्होंने छात्रा को लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन करने, समसामयिक घटनाओं से जुड़े रहने तथा धैर्य, अनुशासन और निरंतरता के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित यह पहल बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक समझ विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रही। ‘एक दिन की जिलाधिकारी’ बनकर खुशी सिंह को प्रशासनिक कार्यप्रणाली समझने के साथ ही आईएएस अधिकारी बनकर देश और समाज की सेवा करने के अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली।