
रोजगार संगम पोर्टल को दरकिनार कर निजी भर्ती का आरोप, क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक की तहरीर पर पुलिस ने शुरू की जांच
आजमगढ़। विदेश में रोजगार दिलाने के नाम पर युवाओं के साथ कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक राममूर्ति की तहरीर पर सिधारी थाना पुलिस ने एक निजी इंटरनेशनल रिक्रूटमेंट एजेंसी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
तहरीर के अनुसार, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में श्रम एवं सेवायोजन विभाग द्वारा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोजगार संगम पोर्टल संचालित किया जा रहा है। इसी पोर्टल के माध्यम से विदेशों में रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी संचालित की जाती है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इजराइल में श्रमिकों की भर्ती की चयन प्रक्रिया पोर्टल के माध्यम से चल रही थी, लेकिन 3 अगस्त 2026 को सिधारी क्षेत्र स्थित गल्फ टेक्निकल इंस्टीट्यूट परिसर में एक निजी रिक्रूटमेंट एजेंसी द्वारा पोर्टल का उपयोग किए बिना भर्ती एवं साक्षात्कार आयोजित किया गया। इससे बेरोजगार युवाओं के साथ कथित रूप से धोखाधड़ी किए जाने की आशंका जताई गई है।
इस एजेंसी पर दर्ज हुआ मुकदमा
एफआईआर में मैसर्स आर.के. इंटरनेशनल रिक्रूटमेंट एजेंसी को नामजद किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक मृत्युंजय सिंह को सौंप दी है।