पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त चार कर्मियों को दी गई सम्मानपूर्वक विदाई

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने पुष्पमाला, मोमेंटो और मिठाई देकर किया सम्मानित, स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। पुलिस लाइन आजमगढ़ में सोमवार को पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए चार पुलिसकर्मियों के सम्मान में सेवा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को पुष्पमाला पहनाकर, मिठाई खिलाकर और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानपूर्वक विदाई दी। उन्होंने सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि पुलिस विभाग में लंबे समय तक निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ सेवाएं देने वाले अधिकारी और कर्मचारी विभाग की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और उत्कृष्ट सेवाएं हमेशा प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया है। समाज और राष्ट्र के प्रति वर्षों का अनुभव और योगदान सदैव अमूल्य रहेगा। विभाग में उनके द्वारा दी गई सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा।
सेवा सम्मान समारोह में सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों में निरीक्षक ना.पु. अभय राज मिश्रा, उपनिरीक्षक ना.पु. सभाजीत, उपनिरीक्षक ना.पु. चंद्रमा राम और मुख्य आरक्षी चालक नरेश चंद शामिल रहे।
समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षणाधीन) ईश्वर गुज्जर, क्षेत्राधिकारी नगर सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के दीर्घकालीन योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय और सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *