विश्वास में लेकर 18 लोगों के 50 लाख के जेवर-नकदी लेकर फरार हुए दो भाई, मुकदमा दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


जेवर बनवाने और दिखाने के बहाने सराफा कारोबारियों से लिए सोने-चांदी के आभूषण, रक्षाबंधन के बाद दोनों के मोबाइल बंद

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। जेवर बनवाने और दिखाने के नाम पर लोगों को विश्वास में लेकर करीब 18 लोगों से लगभग 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप अंबेडकरनगर के कटेहरी निवासी कन्हैया सोनी और उसके भाई मोनू सोनी पर लगा है। रक्षाबंधन के बाद से दोनों के मोबाइल फोन बंद बताए जा रहे हैं। सोमवार को कई पीड़ितों ने एकजुट होकर अतरौलिया थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और जेवरात की बरामदगी की मांग की।


खानपुर फतेह वार्ड नंबर-1 निवासी सराफा कारोबारी राहुल सेठ पुत्र शीतला प्रसाद सोनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कन्हैया सोनी और उसका भाई मोनू उनकी दुकान पर आते-जाते थे। इसी दौरान कन्हैया ने उनसे जान-पहचान बढ़ाकर विश्वास कायम कर लिया। आरोप है कि घर पर जेवर दिखाने की बात कहकर वह दुकान से करीब 20 ग्राम वजन की सोने की सिकड़ी, सुई-धागा और लॉकेट ले गया। इनकी कीमत करीब 2.75 लाख रुपये बताई गई है। जेवर लेकर जाने के बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और वह वापस नहीं लौटा।


तेजापुर में मिठाई की दुकान चलाने वाले राहुल मोदनवाल ने बताया कि कन्हैया अक्सर उनकी दुकान पर बैठता था। जान-पहचान का फायदा उठाकर उसने जेवर बनवाने की बात कही और 15-15 ग्राम की दो सोने की चेन ले लीं। दोनों चेन की कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। उसने 10 दिन में जेवर वापस करने का भरोसा दिया था, लेकिन रक्षाबंधन के बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा है।


तेजापुर निवासी अमित कुमार के अनुसार, उन्होंने पत्नी के कान के टूटे जेवर और पायल बनवाने के लिए कन्हैया को दिए थे। तय समय पर जेवर वापस नहीं मिले। संपर्क करने का प्रयास किया गया तो मोबाइल बंद मिला।


दो साल में क्षेत्र के लोगों से बनाई पहचान
पीड़ितों के मुताबिक कन्हैया पिछले करीब दो वर्षों से तेजापुर में किराए पर रहकर ग्राम गोल्ड और बर्तन का काम करता था। इस दौरान उसने क्षेत्र के कई व्यापारियों और लोगों से संपर्क बढ़ाया और उनका विश्वास हासिल किया। मामला सामने आने के बाद पीड़ितों ने उसकी तलाश शुरू की।


पीड़ितों ने बताया कि कन्हैया के कटेहरी स्थित पैतृक आवास, निजामाबाद के अल्लीपुर स्थित ससुराल और बुआ के घर पर भी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। उसका भाई मोनू भी फरार बताया जा रहा है।


पकड़वाने वाले को 50 हजार रुपये इनाम की घोषणा
पीड़ित व्यापारियों का आरोप है कि दोनों भाइयों ने क्षेत्र के करीब 18 लोगों से लगभग 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी हड़प ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पीड़ितों ने उन्हें पकड़वाकर पुलिस तक पहुंचाने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये तथा उनके ठिकाने की सही जानकारी देने वाले को 10 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है।


थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि मामला करीब दो वर्षों से चले आ रहे लेनदेन से जुड़ा है। वर्तमान में आरोपी फरार हैं। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को भेजकर आवश्यक अनुमति ली जाएगी। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *