मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए 95 हजार रुपये

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


साइबर ठग ने यूनियन बैंक के खाते में किया रकम ट्रांसफर, पीड़ित ने 1930 पर दर्ज कराई शिकायत

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। साइबर अपराधियों ने मोबाइल हैक कर कंधरापुर थाना क्षेत्र के चंडोर निवासी पियूष कुमार राय के बैंक खाते से 95 हजार रुपये पार कर दिए। खाते से रकम निकलने की जानकारी होने पर पीड़ित के होश उड़ गए। इंटरनेट पर लेनदेन की जानकारी देखने पर पता चला कि रकम एक अन्य बैंक खाते में ट्रांसफर की गई है। पीड़ित की तहरीर पर कंधरापुर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के अनुसार पियूष कुमार राय का पंजाब नेशनल बैंक, कप्तानगंज शाखा में खाता है। वह इस खाते का गूगल-पे के माध्यम से संचालन करता है। 28 मई 2026 को मोबाइल हैक कर खाते से 95 हजार रुपये निकाल लिए गए। मोबाइल देखने के बाद पीड़ित को इंटरनेट बैंकिंग से रकम निकलने की जानकारी हुई। जांच में सामने आया कि निकाली गई रकम रोहित सोरेन के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते में ट्रांसफर की गई थी।
1930 पर तत्काल की शिकायत
रकम निकलने की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का एक्नॉलेजमेंट नंबर भी एफआईआर में दर्ज किया गया है। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक उसके खाते में रकम वापस नहीं आई। इसके बाद उसने कंधरापुर थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
साइबर अपराध की धारा में केस
पुलिस ने मामले में सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम, 2008 की धारा 66C के तहत एफआईआर दर्ज की है। मुकदमे की विवेचना निरीक्षक संजय मिश्रा को सौंपी गई है। एफआईआर 13 सितंबर 2026 को शाम 7:48 बजे दर्ज की गई।
पुलिस अब रकम जिस खाते में ट्रांसफर हुई है, उसके धारक और मोबाइल नंबर समेत लेनदेन से जुड़े विवरणों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई विवेचना के आधार पर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *