
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र की घटना, परिजनों में मचा कोहराम
आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अजमतगढ़ नगर पंचायत अंतर्गत गुरुगोविंद नगर वार्ड नंबर छह में शुक्रवार सुबह एक नाबालिग छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतका की पहचान सलोनी (14) पुत्री सचिंदर गौड़ निवासी गुरुगोविंद नगर के रूप में हुई है। बताया गया कि सुबह उसकी मां सरिता देवी ने सलोनी को आवाज देकर बुलाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने अंदर जाकर देखा। सलोनी कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी मिली।
मां के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी जुट गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने घटना की जानकारी जीयनपुर कोतवाली पुलिस और अजमतगढ़ चौकी पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल आजमगढ़ भेज दिया। फिलहाल छात्रा के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बताया गया कि सलोनी दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटी थी और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अजमतगढ़ में कक्षा 11 की छात्रा थी। नाबालिग बेटी की मौत से मां सरिता देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।