
नित्य क्रिया के लिए नदी किनारे गए थे रामदास यादव, पैर फिसलने से गहरे पानी में गिरे, एक किमी दूर मिला शव
बलरामपुर। महराजगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर ढाला के पास शनिवार सुबह सरयू नदी में डूबने से 59 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। वह नित्य क्रिया के लिए नदी किनारे गए थे। पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर नदी से शव बरामद किया।
जीवधारी कटघरा गांव निवासी रामदास यादव घर पर रहकर खेती-किसानी करते थे। शनिवार सुबह करीब नौ बजे वह घर से लगभग चार सौ मीटर दूर सरयू नदी के किनारे नित्य क्रिया के लिए गए थे। काफी देर बाद भी वापस नहीं लौटे तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने नदी की ओर जाकर तलाश शुरू की।
इस दौरान वहां मौजूद कुछ चरवाहों ने परिजनों को बताया कि एक वृद्ध कुछ देर पहले नदी किनारे आया था। अचानक पैर फिसलने से वह नदी में गिर गया और डूब गया। जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू कराई। काफी प्रयास के बाद घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर रसूलपुर ढाला के पास रामदास यादव का शव बरामद कर लिया गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।