
हत्या या हादसा? पुलिस दोनों पहलुओं पर कर रही जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के बलईपुर गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव से करीब 500 मीटर दूर बलईपुर से सलारपुर जाने वाले चकरोड पर 48 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक के सिर पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हत्या और हादसा, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।
मृतक की पहचान बलईपुर गांव निवासी प्रमोद कुमार गौड़ (48) पुत्र बलराम गौड़ के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि 14-15 अगस्त की रात किसी समय उसकी मौत हुई होगी। शनिवार सुबह गांव की कुछ महिलाएं शौच के लिए निकलीं तो चकरोड पर शव पड़ा देखा। महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और शव की पहचान प्रमोद के रूप में हुई।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के भाई अनूप कुमार गौड़ ने पवई थाने में तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई। सूचना पर थानाध्यक्ष मनीष पाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरन पाल सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसओजी टीम ने भी जांच करते हुए परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के पहलू को भी खंगाल रही है। साथ ही मृतक के शराब पीने की बात को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सिर में लगी चोट किसी हमले का परिणाम है या फिर गिरने से लगी।
सीओ फूलपुर किरन पाल सिंह ने बताया कि मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण सामने आएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बताया गया कि मृतक की पत्नी की वर्ष 2003 में ही मौत हो चुकी थी। उसके दो पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।