कुवैत भेजने के नाम पर ₹2.24 लाख की ठगी, फर्जी वीजा-टिकट देने वाला आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ ग्रामीण

सरायमीर थाना पुलिस ने खरेवा मोड से आरोपी को पकड़ा


आजमगढ़। सरायमीर थाना पुलिस ने कुवैत में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹2.24 लाख की ठगी करने तथा फर्जी वीजा और हवाई टिकट उपलब्ध कराने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे मुखबिर की सूचना पर खरेवां मोड़ से दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना, धमकी और एससी/एसटी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।


पुलिस के अनुसार, सरायमीर थाना क्षेत्र के गंगापुर बिजौरा निवासी राजू राम ने 3 जून 2026 को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गोरखपुर निवासी संदीप ठाकुर ने उनके दो रिश्तेदारों को कुवैत में नौकरी दिलाने का झांसा देकर अलग-अलग किश्तों और नगद के माध्यम से कुल ₹2.24 लाख वसूल लिए।


आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपी ने दोनों को कुवैत का वीजा और हवाई टिकट उपलब्ध कराया, लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट पर जांच के दौरान दोनों दस्तावेज फर्जी पाए गए। जब पीड़ितों ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं क्षेत्राधिकारी फूलपुर के पर्यवेक्षण में सरायमीर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।

सोमवार को उपनिरीक्षक पंकज कुमार यादव व उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर खरेवां मोड़ से गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित गीता वाटिका निवासी संदीप ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया।


पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने बचाव में न्यायालय में अपना पक्ष रखने की बात कही। पुलिस ने उसे संबंधित धाराओं में न्यायालय भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *