टीबी मरीजों ने फेस ऑथेंटिकेशन नहीं कराया तो रुक जाएगी पोषण सहायता राशि

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण आजमगढ़ शहर

तरवां 100 बेड अस्पताल की स्वास्थ्य योजनाओं में खराब प्रगति पर जांच टीम गठित, पवई सीएचसी के एमओआईसी का पीएचसी में तबादला

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने स्वास्थ्य योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फील्ड में जाकर योजनाओं की समीक्षा करें और अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाएं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निःक्षय पोषण योजना के लाभार्थी टीबी मरीज फेस ऑथेंटिकेशन जरूर कराएं, अन्यथा उनकी सहायता राशि रुक सकती है।

कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने 100 बेड चिकित्सालय तरवां में अधिकांश स्वास्थ्य योजनाओं की खराब स्थिति पर जांच टीम गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एक अप्रैल 2025 से 31 अप्रैल 2026 तक अस्पताल में हुए संस्थागत प्रसव, चिकित्सकों के अवकाश समेत अन्य बिंदुओं पर एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी। अस्पताल में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ की अनुपस्थिति का भी संज्ञान लिया गया।

डिलीवरी से पहले लें बैंक खाते की जानकारी
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि संस्थागत प्रसव के लिए प्रसूता के भर्ती होते ही उसका बैंक खाता खुलवाने और बैंक विवरण लेने की प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि घर पहुंचने से पहले ही जननी सुरक्षा योजना की सहायता राशि खाते में भेजी जा सके। तरवां अस्पताल में आशाओं के लंबित भुगतान को तत्काल जारी करने के भी निर्देश दिए गए।

चिकित्सकों द्वारा ईएल अवकाश पर लंबी छुट्टी लेने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिया कि शासन के प्रावधानों के अनुसार ही अवकाश स्वीकृत किया जाए। एक साथ लंबे समय का अवकाश स्वीकृत न किया जाए, जिससे चिकित्सक के अनुपस्थित रहने पर मरीजों को परेशानी न हो।

पवई सीएचसी की खराब प्रगति पर कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग की अधिकांश योजनाओं में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई की खराब प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। जन स्वास्थ्य कार्यों में शिथिलता और लापरवाही बरतने पर एमओआईसी पवई को तत्काल पीएचसी में एमओ पद पर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया। वहीं जन स्वास्थ्य कार्यों में लापरवाही और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना के मामले में डॉ. मनीष सिंह, एनेस्थेटिक्स को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

जीरो पावर्टी और आयुष्मान कार्ड के लिए अभियान
डीएम ने जीरो पावर्टी, एचपीवी टीकाकरण और जन आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाने के लिए एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। डीएसओ के माध्यम से सभी कोटेदारों को अंत्योदय कार्डधारकों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनवाने को कहा गया। एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत बीएसए के माध्यम से सभी बीईओ को निर्देश दिया गया कि स्वास्थ्य विभाग से उपलब्ध कराई गई आयरन की गोलियां नियमानुसार बच्चों को खिलाना सुनिश्चित करें।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में डेंगू-मलेरिया की रोकथाम पर जोर
तहसील सगड़ी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मलेरिया और डेंगू की आशंका को देखते हुए निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। आशा, एएनएम और सुपरवाइजर के पिछले वर्षों और महीनों से लंबित भुगतान पर भी डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी एमओआईसी को अगले डीएससी की बैठक से पहले नियमानुसार भुगतान कराने को कहा।

14-15 वर्ष की बालिकाओं को लगेगा एचपीवी टीका
एचपीवी वैक्सीन की समीक्षा करते हुए डीएम ने 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं और उनके अभिभावकों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए सरकार की ओर से सभी सीएचसी पर यह टीका निःशुल्क लगाया जा रहा है।

टीकाकरण की समीक्षा के दौरान एमआर-1 और एमआर-2 का कवरेज बढ़ाने तथा पोर्टल पर शत-प्रतिशत डाटा फीड करने के निर्देश दिए गए। खराब प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने और पंपलेट के माध्यम से टीकाकरण स्थल व तिथि का प्रचार-प्रसार करने को कहा गया। गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण कर उनका पूरा डाटा एचएमआईएस पोर्टल पर फीड कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में परिवार नियोजन, संजीवनी ओपीडी, एनसीडी कैंपेन, क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम और यूनिसेफ के कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा, एसआईसी जिला अस्पताल, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अजीज अंसारी, डॉ. उमाशरण पांडेय, सीएमएस जिला महिला अस्पताल समेत सभी एमओआईसी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *