
भारत विकास परिषद शाखा आजमगढ़ की ओर से होटल गोल्डन फॉर्च्यून में हुआ आयोजन, मेहंदी और तीज क्वीन प्रतियोगिता में विजेताओं को किया गया सम्मानित
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। भारत विकास परिषद शाखा आजमगढ़ की ओर से शहर स्थित होटल गोल्डन फॉर्च्यून में तीज महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में कजरी गायन, हरतालिका तीज पर नृत्य नाटिका, श्रीकृष्ण पर आधारित नृत्य और बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रांतीय संयोजक (महिला सहभागिता) डॉ. प्रियंका जायसवाल, प्रांतीय संरक्षक अशोक अग्रवाल, प्रांतीय उपाध्यक्ष विवेक सूद, प्रांतीय सचिव विनीता सिंह, श्रीमती काजल वालिया, जिला अध्यक्ष डॉ. देवेश दूबे, प्रांतीय सह संयोजक संस्कार सीताराम पांडेय, सचिव कौशल कुमार राय, कार्यक्रम संयोजक डॉ. नेहा दुबे और रमाकांत वर्मा ने मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पार्पण कर किया। सभी अतिथियों को बुके, मोमेंटो और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
महोत्सव में संस्था की मातृशक्तियों ने ‘कैसे खेले जईबू सावन में कजरिया’ और ‘हमसे खेतवा में धान ना रोपाई पिया’ सहित विभिन्न कजरियों का उत्कृष्ट गायन किया। इसके बाद हरतालिका तीज पर आधारित सुंदर नृत्य नाटिका और श्रीकृष्ण पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया। बच्चों ने भी विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं।
सरोज यादव ने स्वागत गीत और वंदे मातरम का गायन किया। वहीं यशा दूबे ने ‘ई गिरी नंदिनी’ देवी स्तुति प्रस्तुत की। कार्यक्रम में मेहंदी प्रतियोगिता भी हुई। इसमें डॉ. नेहा दुबे प्रथम, मधु द्विवेदी द्वितीय और नीलम अस्थाना तृतीय स्थान पर रहीं। तीज क्वीन प्रतियोगिता में अनुराधा पांडेय ने प्रथम, अंशु अस्थाना ने द्वितीय और ज्योति मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में डॉ. विभा त्रिपाठी और डॉ. मनीष मिश्रा रहीं। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
मुख्य अतिथि डॉ. प्रियंका जायसवाल ने कहा कि कजरी क्षेत्र का लोकप्रिय पारंपरिक गीत है, जो धीरे-धीरे विलुप्त होता जा रहा है। इसे सहेजने और आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत है। प्रांतीय उपाध्यक्ष विवेक सूद ने कहा कि कार्यक्रम बेहद मनभावन रहा। इसमें बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। ऐसे आयोजनों से सामाजिक बंधन मजबूत होते हैं।
कार्यक्रम का संचालन अंशु अस्थाना ने किया। इस अवसर पर रेखा अग्रवाल, वेदांती वर्मा, डॉ. संध्या वर्मा, मैना पांडेय, अंशु बरनवाल, अमितलता सिंह, ज्योत्सना सिंह, शशिकला यादव, आरती सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।