

प्रदेशीय विद्यालयीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में दोनों खिलाड़ियों ने फाइनल तक पहुंचकर हासिल किया रजत पदक, राष्ट्रीय विद्यालयीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। बरेली में आयोजित 70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में आजमगढ़ मंडल की दो होनहार खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया है। सौरमी सिंह और सौम्या सिंह ने अपनी-अपनी आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में फाइनल तक का सफर तय किया। दोनों खिलाड़ियों के राष्ट्रीय विद्यालयीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए चयनित होने से जिले के खेल प्रेमियों में खुशी है।
पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, बरेली के तत्वावधान में डोरीलाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में 23 से 26 सितंबर तक चार दिवसीय 70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न मंडलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

सौरमी ने टीम इवेंट में दिखाया दम
बालिका अंडर-14 टीम वर्ग में अग्रसेन इंटर कॉलेज, आजमगढ़ की कक्षा छह की छात्रा सौरमी सिंह ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। कोर्ट पर बेहतर तालमेल, तेज मूवमेंट और प्रभावी कोर्ट कवरेज के दम पर उन्होंने आजमगढ़ मंडल की टीम को फाइनल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
फाइनल मुकाबले में टीम को उपविजेता रहकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा। सौरमी के प्रदर्शन ने प्रतियोगिता में आजमगढ़ मंडल का नाम रोशन किया।
सौम्या ने व्यक्तिगत मुकाबले में जीता सिल्वर
वहीं अंडर-17 बालिका व्यक्तिगत वर्ग में मॉडर्न पंकज इंटर कॉलेज, डोडोपुर, निजामाबाद की कक्षा 11 की छात्रा सौम्या सिंह ने भी शानदार प्रदर्शन किया। अपने तगड़े स्मैश और सटीक ड्रॉप शॉट्स से उन्होंने एक के बाद एक मुकाबले जीतते हुए फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबले में सौम्या को रजत पदक मिला। उनके प्रदर्शन पर विद्यालय और खेल जगत से जुड़े लोगों ने खुशी जताई।
अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएंगी प्रतिभा
प्रदेशीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने के साथ ही दोनों खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय विद्यालयीय बैडमिंटन प्रतियोगिता (नेशनल स्कूल गेम्स) के लिए हुआ है। खास बात यह है कि राष्ट्रीय विद्यालयीय बैडमिंटन प्रतियोगिता दिसंबर 2026 में बरेली में ही आयोजित की जाएगी। ऐसे में दोनों खिलाड़ियों के पास प्रदेश के बाद राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर होगा।

सौरमी को 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि से किया सम्मानित
दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर आइडियल बुलडोजर के महानिदेशक एसके सत्येन, निदेशक नितिन कुमार और वित्तीय सलाहकार ओम जी श्रीवास्तव ने खुशी जताई। इस अवसर पर सौरमी सिंह को 10 हजार रुपये की नगद प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में आजमगढ़ मंडल के मंडलीय क्रीड़ा सचिव दिनेश सिंह, बैडमिंटन खिलाड़ियों के मार्गदर्शक अजेंद्र राय, राष्ट्रीय रंगमंच के नाम सुनील दत्त विश्वकर्मा, राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी राकेश सिंह, राष्ट्रीय शूटिंग खिलाड़ी स्रोत सिंह, वरिष्ठ बैडमिंटन खिलाड़ी सत्येंद्र उपाध्याय, राष्ट्रधर्म सिंह, पुनीत राय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर संयुक्त शिक्षा निदेशक आजमगढ़ मंडल डॉ. राजेश कुमार आर्य, जिला विद्यालय निरीक्षक आजमगढ़ अजय कुमार और प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका सोनी ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।