
पंख कैरियर रोजगार मेले में छात्राओं को रोजगार के अवसरों और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
हिंदी न्यूज़ 24
सगड़ी (आजमगढ़)। अजमतगढ़ ब्लॉक के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अजमतगढ़ में सोमवार को छात्राओं को रोजगारपरक शिक्षा और रोजगार के अवसरों की जानकारी देने के उद्देश्य से पंख कैरियर रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नोडल अधिकारी शाइस्ता खातून और प्रधानाचार्य डॉ. चंद्र सिंह के निर्देशन में हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उप जिलाधिकारी सगड़ी संजीव कुमार राय ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से छात्राओं को रोजगारपरक शिक्षा के साथ ही रोजगार उपलब्ध कराने के अवसरों और सरकार की योजनाओं की महत्वपूर्ण जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा कि कैरियर मेले में विशेषज्ञों और नोडल अधिकारियों की ओर से दी जाने वाली जानकारी छात्राओं के भविष्य में रोजगार की तलाश के दौरान काफी उपयोगी साबित होगी।
एसडीएम ने कहा कि इस तरह के कैरियर मेले छात्राओं को अपने भविष्य के लिए बेहतर विकल्प चुनने में मदद करेंगे। साथ ही सरकार की रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी मिलने से छात्राएं शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकेंगी।

कार्यक्रम में डॉ. ममता राय, यूनियन बैंक के शाखा प्रबंधक राहुल कुमार यादव, चौकी प्रभारी विनय कुमार यादव सहित विद्यालय के अध्यापकों ने छात्राओं को रोजगारपरक शिक्षा, कैरियर निर्माण और रोजगार के अवसरों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। शाखा प्रबंधक राहुल कुमार यादव और डॉ. ममता राय ने रोजगार उपलब्ध कराने के विभिन्न अवसरों के बारे में छात्राओं को जानकारी दी।
इस दौरान विद्यालय की छात्राओं ने एसडीएम संजीव कुमार राय और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। छात्राओं ने स्वागत गीत, कैरियर गीत और कैरियर नाटक प्रस्तुत कर कार्यक्रम में मौजूद लोगों को कैरियर संबंधी जानकारी भी दी। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।