
फूलपुर (आजमगढ़)। फूलपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में परिवार के साथ रह रही करीब 14 वर्षीय किशोरी 27 अगस्त की शाम घर से सामान लेने के लिए दुकान गई थी। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। मामले में किशोरी की मां ने फूलपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मूल रूप से मध्य प्रदेश के सागर जिले की रहने वाली हैं। वर्तमान में परिवार के साथ फूलपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में तंबू लगाकर रह रही हैं और गांव-गांव घूमकर चूड़ियां बेचने का काम करती हैं।
तहरीर के अनुसार 27 अगस्त को शाम करीब तीन बजे उनकी करीब 14 वर्षीय बेटी घर से सामान लेने के लिए दुकान गई थी। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं आई तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास की जगहों पर खोजबीन करने के बावजूद किशोरी का कुछ पता नहीं चल सका।
मां ने पुलिस से मामले को संज्ञान में लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की गुहार लगाई। पुलिस ने 28 अगस्त की रात 9:25 बजे एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की विवेचना उप निरीक्षक दिनेश कुमार त्रिपाठी को सौंपी गई है।