
सीएमओ ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क लगाने की अपील की, अस्पतालों में बेड और दवाओं की व्यवस्था दुरुस्त
बीएचयू वाराणसी से तीन और लखनऊ के मेदांता अस्पताल से मिली एक रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि
आजमगढ़। जनपद में मौसमी इन्फ्लुएंजा-ए (एच1एन1)/स्वाइन फ्लू के चार पॉजिटिव मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। जिला सर्विलांस अधिकारी को लखनऊ और वाराणसी स्थित चिकित्सा संस्थानों से प्राप्त रिपोर्टों का जनपद स्तर पर सत्यापन कर लिया गया है। इनमें तीन रिपोर्ट चिकित्सा विज्ञान संस्थान, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी और एक रिपोर्ट मेदांता अस्पताल, लखनऊ से संबंधित है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने बताया कि सत्यापित मरीजों में लगभग एक वर्षीय बालिका, 36 वर्षीय महिला, 45 वर्षीय पुरुष और 64 वर्षीय पुरुष शामिल हैं। इनमें दो मामले शहरी क्षेत्र और दो ग्रामीण क्षेत्र के हैं। सभी मरीजों से संबंधित प्रकरणों में जिला सर्विलांस टीम आवश्यक निगरानी और स्वास्थ्य संबंधी कार्रवाई कर रही है।
अस्पतालों में वार्ड और बेड किए गए आरक्षित
सीएमओ ने बताया कि एच1एन1 को देखते हुए जनपद के मेडिकल कॉलेज, मंडलीय जिला चिकित्सालय तथा तरवां, लालगंज और अतरौलिया स्थित सौ शैय्या चिकित्सालयों में वार्ड और बेड की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अस्पतालों में जांच, उपचार और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने की व्यवस्था भी दुरुस्त रखने को कहा गया है।
भीड़भाड़ में मास्क लगाने की अपील
मुख्य चिकित्साधिकारी ने लोगों से एच1एन1 को लेकर घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर मास्क का प्रयोग करें। खांसते और छींकते समय मुंह व नाक को ढकें तथा हाथों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। फ्लू जैसे लक्षण होने पर भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।
बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी की सलाह
बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना, सांस लेने में परेशानी या मांसपेशियों में दर्द जैसे लक्षण दिखाई देने पर खुद से दवा लेने के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा चिकित्सक से परामर्श लेने को कहा गया है।
ने कहा कि
“स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। जनपद में आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं, उपचार और निगरानी व्यवस्था सक्रिय है। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने, भीड़ में मास्क पहनने और लक्षण होने पर समय से चिकित्सकीय परामर्श ले” डॉ. एनआर वर्मा, सीएमओ, आजमगढ़।