कान्हा की बांसुरी और राधा के श्रृंगार में सजे नन्हे कलाकार

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

सावन सुंदरी प्रतियोगिता में ईशानवी, श्रेया और काशवी ने मारी बाजी, जगन्नाथ का रूप धारण करने वाले शिवाय सिंघल को मिला विशेष पुरस्कार
आजमगढ़। न्यू कला केंद्र समिति के तत्वावधान में सचिव विभा गोयल के नेतृत्व में हरिऔध कला भवन के सभागार में कान्हा की बांसुरी, राधा का श्रृंगार एवं सावन सुंदरी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों और प्रतिभागियों ने राधा-कृष्ण की पारंपरिक वेशभूषा में मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

दीप प्रज्वलित कर हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीएमएस डॉ. विनय सिंह यादव, संस्था अध्यक्ष सुदर्शन दास अग्रवाल और सदस्य अनूप अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद शिशु, बाल और सावन सुंदरी वर्ग में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजे बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में भक्ति और उत्सव का रंग भर दिया।

इन प्रतिभागियों ने हासिल किया स्थान
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका संतोष सिंह, श्रेया चित्रांशी और कामिनी सिंह ने निभाई। सावन सुंदरी वर्ग में ईशानवी अग्रवाल, श्रेया पाण्डेय और काशवी अग्रवाल विजेता रहीं। कान्हा की बांसुरी और राधा का श्रृंगार प्रतियोगिता के शिशु वर्ग में वान्या गर्ग, शिवाक्षी यादव और शिवांशी अग्रवाल ने स्थान हासिल किया।

बाल वर्ग में मानसी पांडेय, सान्वी गर्ग, शिवांश अग्रवाल और अमुल्य जायसवाल विजेता रहे। वहीं, जगन्नाथ का रूप धारण करने वाले शिवाय सिंघल को निर्णायक मंडल की ओर से विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया।

बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम का संचालन गौरी अग्रवाल एवं पूनम यादव ने संयुक्त रूप से किया। संस्था की ओर से लाइफ लाइन हॉस्पिटल, आजमगढ़ की डॉ. सुमन सिंह यादव का विशेष आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर मुदिता अग्रवाल, नीलांबुज़ गुप्ता, विनोद यादव, सृष्टि सिंह, शिवम प्रजापति, मुकुल श्रीवास्तव, प्रद्युम्न चौहान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *