
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के नूरपुर सरायहाजी गांव की रहने वाली एक महिला की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद मुबारकपुर थाने में छह नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
वादिनी गीता यादव ने आरोप लगाया है कि 15 अप्रैल 2026 की सुबह करीब छह बजे गांव में एक विवाद के दौरान आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर सभी आरोपी एकजुट होकर उनके घर में घुस आए और डंडे, मुक्कों तथा अन्य वस्तुओं से मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल मुबारकपुर थाने पर देने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। बाद में उन्होंने अपना चिकित्सीय परीक्षण कराया तथा पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थना पत्र भेजा, लेकिन कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस ने इस मामले में फूलबदन यादव, खुशबू यादव, अमित यादव, अंशु यादव, पप्पू यादव तथा रतनिया देवी को नामजद आरोपी बनाया है। मुकदमा भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 3(5), 115(2), 352, 351(3) और 333 के तहत दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक कमला सिंह यादव को सौंपी गई है।