
पीड़ित की शिकायत पर कर के खिलाफ मुकदमा दर्ज, अतरौलिया थाना क्षेत्र का मामला
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र में घर के सामने लगे हैंडपंप की कथित चोरी के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शिकायतकर्ता की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और 317(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वही तीन चोरों को ग्रामीणों ने पड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। चोरी गया हैंडपंप भी बरामद कर लिया गया है।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के भूमिपुर छपरा निवासी शिकायतकर्ता पतिराम ने आरोप लगाया है कि 2 अगस्त की रात करीब 10 बजे कुछ लोग ई-रिक्शा से आए और उनके दरवाजे के सामने लगे हैंडपंप को खोलकर चोरी कर ले गए। आवाज सुनकर बाहर निकलने पर उन्होंने ई-रिक्शा और उसमें सवार लोगों को देखा तथा पहचानने का दावा किया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि अगले दिन शाम करीब 7 बजे उन्होंने बुढ़नपुर की ओर से आ रहे उसी ई-रिक्शा को रोक लिया। आरोप है कि ई-रिक्शा में सवार छह लोगों में से तीन मौके से फरार हो गए, जबकि तीन को पकड़ लिया गया। उनके कब्जे से चोरी गया हैंडपंप भी बरामद कर लिया गया है। इसके बाद पकड़े गए चोरो और ई-रिक्शा को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में सचिन, एस गौड़, शेरू उर्फ आदित्य सहित एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विश्वजीत पांडेय को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।