बीते एक साल से कई मोबाइल नंबरों से आ रहे आपत्तिजनक कॉल, परिवार में दहशत का माहौल

आजमगढ़ शहर


डिजिटल साक्ष्यों और कॉल डिटेल की जांच शुरू, पुलिस ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के दिए संकेत
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी को अश्लील और अभद्र कॉल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, सोशल मीडिया पर उसकी प्रतिष्ठा धूमिल करने की धमकी देने तथा पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


एफआईआर के मुताबिक, महादेवपुर निवासी शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि 31 मई 2025 से 26 जुलाई 2026 के बीच अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लगातार फोन कर उनकी नाबालिग पुत्री के बारे में अश्लील और आपत्तिजनक बातें की जाती रहीं। आरोप है कि कॉल करने वाले लोगों ने बेटी की अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। विरोध करने पर पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की चेतावनी भी दी गई।


शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपियों की हरकतों से उनकी नाबालिग पुत्री मानसिक रूप से परेशान है, जबकि पूरा परिवार लगातार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन कर रहा है। उनका आरोप है कि आरोपियों का उद्देश्य परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना है।


पीड़ित ने पुलिस को मोबाइल नंबरों की जानकारी और उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सौंपते हुए कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), डिजिटल फुटप्रिंट और सोशल मीडिया गतिविधियों की गहन जांच कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *