पुलिस का दावा: ट्रॉली बैग में गांजे के 23 बंडल लेकर जा रहे थे तीन तस्कर, दो महिलाएं समेत गिरफ्तार!

आजमगढ़ आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


बिलरियागंज में चेकिंग के दौरान पुलिस ने दबोचा, दो ट्रॉली बैगों से 23.411 किलो गांजा बरामद होने का दावा; बिहार और गाजीपुर से जुड़े बताए जा रहे आरोपी
मस्जिद की आड़ में पुलिस टीम ने किया इंतजार, बैग खुलते ही सामने आए गांजे के बंडल; पूछताछ में एक स्थान पर गांजा पहुंचाने के बदले रुपये मिलने की बात बताने का पुलिस का दावा

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई का दावा करते हुए दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार तीनों के कब्जे से दो ट्रॉली बैगों में प्लास्टिक टेप से पैक किए गए 23 बंडलों में कुल 23.411 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक 17 सितंबर को उपनिरीक्षक हरिकेश राय पुलिसकर्मियों के साथ जैगहा बाजार में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हारीपुर मोड़ की तरफ से दो महिलाएं और एक व्यक्ति दो ट्रॉली बैग लेकर पैदल गुलवा गौरी पुलिया नहर की ओर जा रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए महिला पुलिसकर्मियों को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस टीम ने मस्जिद की आड़ में संदिग्धों का इंतजार किया। कुछ देर बाद दो महिलाओं और एक व्यक्ति को ट्रॉली बैग लेकर आते देखा गया। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।
पूछताछ के बाद खुलवाए गए ट्रॉली बैग
पुलिस के अनुसार पकड़े गए लोगों की पहचान राजाबाबू सिंह निवासी बलिहार, थाना सिमरी, जिला बक्सर (बिहार), नेहा पासवान निवासी फतेहपुर, थाना दिलदारनगर, जिला गाजीपुर और पूनम देवी निवासी सोनी इंतवा, थाना राजपुर, जिला बक्सर (बिहार) के रूप में हुई।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में तीनों ने ट्रॉली बैगों में गांजा होने की बात बताई। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के प्रावधानों से अवगत कराया गया और क्षेत्राधिकारी सगड़ी कौस्तुभ त्रिपाठी को सूचना दी गई। क्षेत्राधिकारी की मौजूदगी में दोनों ट्रॉली बैगों की तलाशी ली गई।
एक बैग में 12, दूसरे में 11 बंडल
तलाशी के दौरान राजाबाबू सिंह के ट्रॉली बैग से गांजे के 12 बंडल बरामद होने की बात पुलिस ने कही। वहीं महिलाओं के पास से मिले दूसरे ट्रॉली बैग से 11 बंडल बरामद किए गए।
इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर पहले बैग से मिले 12 बंडलों का वजन 12.224 किलोग्राम, जबकि दूसरे बैग से बरामद 11 बंडलों का वजन 11.187 किलोग्राम बताया गया। इस तरह दोनों बैगों से कुल 23.411 किलोग्राम गांजा बरामद होने का पुलिस ने दावा किया।
पुलिस ने दोनों ट्रॉली बैगों को सील कर नमूना मोहर तैयार की।
एक जगह गांजा पहुंचाने के बदले रुपये मिलने का दावा
पुलिस के अनुसार पूछताछ में तीनों ने बताया कि उन्हें गांजा एक स्थान पर पहुंचाने के लिए दिया गया था और इसके बदले रुपये मिलते थे। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान तीनों कथित व्यापारी अथवा खरीदार के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके।
पुलिस ने तीनों के कब्जे से मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद किए जाने की बात कही है। गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य एप के माध्यम से कराए जाने का भी पुलिस ने दावा किया है।
बिलरियागंज पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में पुलिस बरामदगी, पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *