
खाड़ी देश में नौकरी के लिए देने गया था इंटरव्यू, परिजनों से फोन पर कहा-इंटरव्यू अच्छा रहा, घर लौट रहा हूं; इसके बाद मोबाइल हुआ स्विच ऑफ
हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। खाड़ी देश में नौकरी के लिए इंटरव्यू देने लखनऊ गया गंभीरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम उमरी गणेशपुर (पोस्ट भोपालपुर) निवासी रमेश पुत्र बाबूराम बीते एक सप्ताह से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। सात दिन बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन अनहोनी की आशंका में परेशान हैं। परिवार ने लखनऊ और आजमगढ़ पुलिस से युवक की तलाश में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, रमेश 7 सितंबर को खाड़ी देश में नौकरी के इंटरव्यू के सिलसिले में लखनऊ गया था। वह दुबग्गा क्षेत्र में हरदोई रोड स्थित आयशा टेक्निकल ट्रेनिंग एंड टेस्टिंग सेंटर पहुंचा, जहां उसने नौकरी के लिए इंटरव्यू दिया। इंटरव्यू समाप्त होने के बाद रमेश ने परिजनों को फोन कर बताया कि इंटरव्यू अच्छा रहा है और अब वह घर लौटने के लिए निकल रहा है।
परिजनों का कहना है कि फोन पर बातचीत के कुछ ही देर बाद रमेश का मोबाइल अचानक स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद परिवार के लोगों ने कई बार उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद मिला। पहले परिजनों ने अपने स्तर से उसकी तलाश शुरू की और रिश्तेदारों तथा परिचितों से भी जानकारी ली, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
सात दिन से नहीं मिला सुराग
रमेश के अचानक लापता होने से परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। परिजन यह समझ नहीं पा रहे हैं कि इंटरव्यू के बाद घर लौटने की बात कहने वाला युवक आखिर कहां चला गया। मोबाइल फोन बंद होने के कारण परिवार की बेचैनी और बढ़ गई है।
परिजनों ने पुलिस प्रशासन से रमेश के मोबाइल नंबर की आखिरी लोकेशन ट्रेस कराने, दुबग्गा स्थित ट्रेनिंग सेंटर के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने तथा सेंटर से लेकर उसके संभावित यात्रा मार्ग की जांच कराने की मांग की है। परिवार को उम्मीद है कि इन माध्यमों से युवक के लापता होने से जुड़ा कोई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकता है।
परिजनों ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए रमेश की जल्द से जल्द तलाश कराने की गुहार लगाई है।