हिंदी के गौरव और समृद्ध परंपरा से रूबरू हुए विद्यार्थी

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


सेंट जेवियर्स हाई स्कूल एलवल में विविध कार्यक्रमों का आयोजन, 20 विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र व पुरस्कार देकर किया सम्मानित

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। हिंदी दिवस के अवसर पर सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, एलवल में विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हिंदी के महत्व, उसकी समृद्ध साहित्यिक परंपरा और राष्ट्र निर्माण में भाषा की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।


कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध निदेशक प्रशांत चंद्रा, आवासीय प्रबंधक प्रद्युम्न जायसवाल एवं अनिरुद्ध जायसवाल, प्रधानाचार्य विनय पाण्डेय, सीएओ साक्षी बिसेन, उप-प्रधानाचार्य संजय कुमार पाण्डेय तथा को-ऑर्डिनेटर धीरेन्द्र भारद्वाज और मोना सिंह ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और फीता काटकर किया।


विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया उत्साह
इस दौरान विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के महत्व पर विचार रखे। हिंदी से जुड़े सुविचार, रचनात्मक प्रस्तुतियां और आकर्षक सजावट के माध्यम से विद्यार्थियों ने भाषा के प्रति अपनी रुचि और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।


विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं और प्रस्तुतियों के लिए कनिष्ठ वर्ग (कक्षा चार से आठ) तथा वरिष्ठ वर्ग (कक्षा नौ और दस) में विभाजित किया गया। दोनों वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दस-दस विद्यार्थियों समेत कुल 20 विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।


हिंदी संस्कृति, परंपरा और भावनाओं की अभिव्यक्ति : प्रधानाचार्य
प्रधानाचार्य विनय पाण्डेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और भावनाओं की सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी भाषा का शुद्ध एवं प्रभावी प्रयोग करने और इसके संरक्षण व संवर्धन में योगदान देने का आह्वान किया।


कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने हिंदी भाषा के सम्मान, संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति गौरव और उत्साह की भावना को और मजबूत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *