जलनिकासी बाहा की पैमाइश में दो मकान चिह्नित

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


एसडीएम के आदेश पर रोवर मशीन से हुआ सीमांकन, कब्जाधारकों पर मुकदमा व बेदखली की तैयारी

हिंदी न्यूज़ 24
बरदह/आजमगढ़। जलनिकासी बाहा की जमीन पर कथित अतिक्रमण की शिकायत के बाद सोमवार को राजस्व विभाग की तीन सदस्यीय टीम ने रोवर मशीन से गाटा संख्या 51 की पैमाइश कर सीमांकन किया। शिकायतकर्ता और ग्रामीणों की मौजूदगी में हुई जांच के दौरान बाहा की भूमि पर बने दो रिहायशी मकानों को चिह्नित किया गया। टीम ने सीमांकन के बाद संबंधित स्थानों पर पत्थर नसब भी कराया।


स्थानीय ग्रामीणों ने थाना दिवस में प्रार्थना पत्र देकर गाटा संख्या 51 में जलनिकासी के लिए दर्ज भूमि पर कब्जे की शिकायत की थी। शिकायत के बाद एसडीएम मार्टिनगंज बलराम गुप्ता के निर्देश पर राजस्व टीम मौके पर पहुंची और रोवर मशीन से भूमि का सीमांकन किया।


25 साल से कब्जे का ग्रामीणों ने लगाया आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि जलनिकासी बाहा की भूमि पर करीब 25 वर्षों से अवैध तरीके से अतिक्रमण कर मकान बनाकर लोग रह रहे हैं। कब्जे के कारण जलनिकासी प्रभावित होने की बात भी ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने रखी।


पैमाइश के दौरान राजस्व टीम के चंदन सिंह, अंजनी त्रिपाठी और अजीत सिंह मौजूद रहे। मौके पर पूर्व प्रधान रामलाल यादव, महंगी यादव, राजनारायण राय, आलोक तिवारी, विवेक तिवारी, अनिल ठठेरा, पप्पू तिवारी, बीनू ठठेरा, चीकू तिवारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


मुकदमा दर्ज कर होगी बेदखली की कार्रवाई
एसडीएम मार्टिनगंज बलराम गुप्ता ने बताया कि राजस्व टीम ने बाहा की भूमि पर बने मकानों को चिह्नित किया है। संबंधित लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर बेदखली की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बाहा की जमीन पर अवैध रूप से बने रिहायशी मकानों के मालिकों के विरुद्ध वसूली की कार्रवाई भी की जाएगी।


एसडीएम ने जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए बीडीओ ठेकमा को आवश्यक निर्देश दिए हैं। प्रशासन की कार्रवाई से लंबे समय से जलनिकासी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत की उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *