कंधरापुर पुलिस पर धनउगाही और फर्जी मुकदमे दर्ज करने का आरोप

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर


भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से की शिकायत, निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग
आजमगढ़, 21 अगस्त। भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष हरिवंश मिश्रा ने कंधरापुर थाना पुलिस पर बिना जांच-पड़ताल मुकदमे दर्ज करने, धनउगाही करने और पीड़ितों की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र में हरिवंश मिश्रा ने आरोप लगाया है कि कंधरापुर थाना क्षेत्र में मुकदमा दर्ज कराने और मामलों में सुलहनामा कराने के नाम पर लोगों से कथित रूप से धन की मांग की जा रही है। उनका कहना है कि पुलिस के कथित रवैये से क्षेत्र के लोगों में भय और असंतोष का माहौल है।
शिकायत में 17 अगस्त की रात चोरी के प्रयास के मामले का भी उल्लेख किया गया है। आरोप है कि ग्रामीणों ने कुछ संदिग्धों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था, लेकिन बाद में कथित रूप से सुविधा शुल्क लेकर उन्हें छोड़ दिया गया। एक महिला को कथित रूप से फर्जी मुकदमे में फंसाने और दूसरे पक्ष से धनउगाही करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
मड़या गांव में घायल युवक के मामले में कार्रवाई नहीं करने तथा कंधरापुर बाजार और आसपास वाहन चेकिंग के दौरान कथित रूप से सुविधा शुल्क मांगने के आरोप भी शिकायत में लगाए गए हैं। आरोप है कि रकम नहीं देने पर चालान या वाहन सीज करने की धमकी दी जाती है।
मंदुरी बाजार में ठेले पर भुट्टा बेचने वाले एक व्यक्ति पर कथित हमले के मामले में एफआईआर दर्ज नहीं करने और उल्टे उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आरोप भी लगाया गया है। वहीं, बर्जी गांव के एक मामले में भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला मंत्री सूरज कुमार समेत अन्य लोगों को कथित रूप से गलत तरीके से मुकदमे में शामिल किए जाने की बात कही गई है।
हरिवंश मिश्रा ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि डीजीपी, एडीजी वाराणसी जोन, डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र और एसएसपी आजमगढ़ को भी भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *