ताबड़तोड़ वाहन चेकिंग से मचा हड़कंप, 100 वाहनों के चालान

आजमगढ़ आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ ग्रामीण


नवागत बिलरियागंज थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र ने दुकानदारों को भी दी चेतावनी, सड़क पर अतिक्रमण कर जाम न लगाने के निर्देश

सियरहां बाजार में चेकिंग के दौरान कागजात, हेलमेट समेत यातायात नियमों की हुई जांच; पुलिस की कार्रवाई से वाहन चालकों में मचा हड़कंप

हिंदी न्यूज़ 24
आजमगढ़। बिलरियागंज थाने के नवागत थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था के साथ यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को पुलिस टीम के साथ सियरहां बाजार में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 100 वाहनों के चालान किए गए। अचानक हुई ताबड़तोड़ चेकिंग से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र ने मय हमराह पुलिसकर्मियों के साथ बाजार का भ्रमण भी किया। इस दौरान सड़क किनारे दुकान लगाकर यातायात बाधित करने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी गई। उन्होंने दुकानदारों से कहा कि सड़क पर दुकान लगाकर रास्ता बाधित न करें, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो।
कागजात और हेलमेट की हुई जांच
सियरहां बाजार में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने वाहनों के कागजात और चालकों के हेलमेट समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। जिन वाहनों के कागजात सही नहीं मिले या चालक बिना हेलमेट के वाहन चलाते पाए गए, उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान करीब 100 वाहनों का चालान किया गया।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
थानाध्यक्ष ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि वाहन चालक की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। पुलिस की कार्रवाई के साथ लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से जहां नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप रहा, वहीं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चलाए गए अभियान की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *